#Jabalpur: फर्नीचर शो रूम में भीषण आग, चंद कदम दूर था पेट्रोल पंप
जबलपुर, ब्यूरो। मध्यप्रदेश के जबलपुर में उस वक्त अफरा तरफी मच गई जब अधारताल रद्दी चौकी स्थित खंडेलवाल फर्नीचर शोरुम में भयंकर आग लग गई। दरअसल, शनिवार दोपहर बाद भीषण आग लगने से आधे शहर में हड़कंप मच गया। चंद पल में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते करीब 3 करोड़ रुपए का नुकसान हो गया। भभकती लपटों को देखकर पुलिस कंट्रोल रूम से 5 अलग-अलग सुरक्षा संस्थान को सूचना देकर दमकल वाहन मांगे गए। खमरिया, सीओडी, जीसीएफ सहित जीआईएफ सुरक्षा संस्थानों से पहुंचे दमकल कर्मियों ने बड़ी मशक्कत बाद आग को कंट्रोल किया।
कांच लगाने का काम चल रहा था
बताया जाता है कि खंडेलवाल फर्नीचर में पोलोराइज कांच लगाने का कार्य चल रहा था। संभावना जताई जा रही है कि स्टील पट्टी को काटने के लिए उपयोग में आने वाली मशीन से निकली चिंगारी से ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। 4 माले के शोरूम में करोड़ों का माल रखा हुआ था,जो जलकर खाक हो गया।
3 करोड़ का नुकसान
आग में करीब 3 करोड़ के आसपास का नुकसान होने की बात खंडेलवाल के कर्मचारियों ने पुलिस को बताई है। आग में कीमती सोफा, पलंग, ड्रेसिंग, डायनिंग, कुर्सी, गद्दा, आलमारी, सहित फ्रिज, एलसीडी एवं एलईडी जलकर खाक हो गए।
बाजू में पेट्रोल पंप
फर्नीचर शोरूम के आसपास फर्नीचर की करीब 60 और दुकानें लगी हुई हैं, इसके अलावा शोरुम से चंद कदम की दूरी पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम का पंप है। पेट्रोल पंप में आग न भड़के इसके लिए पुलिस के वाटर केनन व्हीकल (इंद्र) ने पंप सहित आसपास के क्षेत्र में पानी की तेज बौछार डाली।
No comments:
Post a Comment